बिहार के नियोजित शिक्षक बनेंगे राज्यकर्मी तो कितनी मिलेगी सैलरी, जानें सबकुछ
बिहार के लगभग चार लाख नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा जल्द मिलेगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने नियमावली भी तैयार कर लिया है। माना जा रह है कि नीतीश कैबिनेट की अगली बैठक में नई शिक्षक नियमावली को मंजूरी मिल जाएगी। बिहार शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राज्यकर्मी बनने के लिए नियोजित शिक्षकों को सक्षमता परीक्षा देनी होगी। परीक्षा पास करने वाले शिक्षकों को नए स्कूल आवंटित किए जाएंगे। साथ ही नियोजित शिक्षकों को परीक्षा पास करने के लिए तीन मौके भी दिए जाएंगे।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति लेगी परीक्षा
बिहार शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सक्षमता परीक्षा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति लेगी। सक्षमता परीक्षा पास करने वाले नियोजित शिक्षकों का संवर्ग जिला स्तरीय होगा। इसके अलावा यह भी प्रावधान किया गया है कि बीपीएससी से सफल हुए वैसे नियोजित शिक्षक जो अपने पुराने स्कूल में रहना चाहते हैं, उन्हें सक्षमता परीक्षा देने की जरुरत नहीं है।
कहें जाएंगे विशिष्ट शिक्षक
बिहार शिक्षा विभाग की नई नियमावली के अनुसार, परीक्षा पास करने वाले नियोजित शिक्षक विशिष्ट शिक्षक कहे जाएंगे। हालांकि शिक्षक संघ ने शिक्षा विभाग को विशिष्ट शिक्षक शब्द हटाने को सुझाव दिया है। लेकिन इसे हटाने पर अभी तक सहमति नहीं बन सकी है। संभव है कि आगे सहमति बन जाए तो नियमावली से विशिष्ट शब्द हटा दिया जाए।
2 नवंबर को मुख्यमंत्री नीतीश ने किया था ऐलान
बता दें कि 2 नवंबर को गांधी मैदान में बीपीएससी से चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐलान किया था कि मामूली परीक्षा लेकर सभी नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी बनाएंगे। पास होने के लिए एक शिक्षकों को तीन मौका दिया जाएगा। तीन परीक्षा के बाद भी जो शिक्षक सफल नहीं होंगे, उन्हें नियमानुसार हटा दिया जाएगा।



