World

सीट बंटवारे का महाराष्ट्र फॉर्मूला, बिहार में क्यों हो रही चर्चा? CM नीतीश को करना होगा ‘त्याग’!

वैसे तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आजकल इंग्लैड के दौरे पर हैं, मगर बिहार में सीट बंटवारे के ‘महाराष्ट्र फॉर्मूले’ की खूब चर्चा हो रही है। हालांकि, राज्य में आधिकारिक तौर पर अब तक सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है। जब नीतीश कुमार कांग्रेस के साथ थे तो सीट शेयरिंग को लेकर लगातार बयान दे रहे थे, जैसे ही बीजेपी में आए, अब उनको भी कोई हड़बड़ी नहीं है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 195 नामों का ऐलान कर दिया है। हालांकि, इसमें महाराष्ट्र और बिहार शामिल नहीं है।

महाराष्ट्र फॉर्मूला क्या है?

भारतीय जनता पार्टी ने अब तक महाराष्ट्र और बिहार की सीटों को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र में भाजपा की एकनाथ शिंदे और अजित पवार के साथ सीटों को लेकर खींचतान चल रही है। एकनाथ शिंदे और अजीत पवार को बीजेपी ने 13 सीटों का ऑफर दिया है। खुद 48 में से 35 पर लड़ने की तैयारी की है। बीजेपी का कहना है कि एकनाथ शिंदे के पास कम विधायक होने के बावजूद, उनको सीएम बनाया है। ऐसे में उन्हें कम लोकसभा सीटों पर कम्प्रमाइज करनी चाहिए।

बिहार में किस बात की चर्चा?

बताया जा रहा है कि बिहार में भी महाराष्ट्र फॉर्मूले को बीजेपी लागू करना चाहती है। नीतीश कुमार के इंग्लैंड दौरे से वापस आते ही इस पर बात की जाएगी। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा के साथ आए नीतीश कुमार को ‘त्याग’ करना पड़ सकता है। जो जानकारी मिल रही उसके मुताबिक बीजेपी खुद 40 में से 22 सीटों पर लड़ने की तैयारी कर रही है। जेडीयू को वो 12 से 14 सीटें देना चाहती है। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी के दोनों धड़ों (चिराग और पारस) को 4 सीटें मिल सकती है। एक-एक सीट जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को दिया जा सकता है।

2019 का आंकड़ा क्या था?

नीतीश कुमार के इंग्लैंड दौरे से लौटते ही अगले सप्ताह भाजपा लीडरशिप से नीतीश की मुलाकात होने की संभावना है। वैसे, 2019 के चुनाव में भी भाजपा और जेडीयू साथ थी। तब एनडीए ने बिहार की 40 में से 39 सीटें जीती थी। भाजपा को 17 , जेडीयू को 16 और लोक जनशक्ति पार्टी को 6 सीटों पर विजय हासिल हुई थी। मगर, 2024 के डेटा में काफी बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button