गुवाहाटी में भारी बारिश के बीच भूस्खलन, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

असम के गुवाहाटी में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से 4 लोगों की जान चली गई। शहर में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि बोरोगांव के निजारपार में एक पहाड़ी पर स्थित एक घर भूस्खलन के चलते दब गया, जिसमें 4 लोग थे।
असम में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 42 की मौत
एएसडीएमए के जिला परियोजना अधिकारी (कामरूप मेट्रोपोलिटन) कौस्तव तालुकदार ने कहा, “भूस्खलन सोमवार देर रात करीब एक बजे मूसलाधार बारिश की वजह से हुआ। अब तक किसी और के फंसे होने की सूचना नहीं है।” इस वर्ष राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 42 हो गई है।
आधा दर्जन स्थलों पर भूस्खलन
कौस्तव तालुकदार ने कहा कि कामाख्या, खारघुली, हेंगेराबाड़ी, सिलपुखुरी और चांदमारी कॉलोनी सहित शहर के अन्य आधा दर्जन स्थानों से भूस्खलन की खबरें आई हैं, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। शहर में सोमवार रात से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे सभी प्रमुख सड़कों पर घुटनों के ऊपर तक पानी भर गया है, जबकि कुछ स्थानों पर जलस्तर कमर तक पहुंच गया है।
गुवाहाटी स्टेशन जाने वाली सड़क पर जलभराव
गुवाहाटी रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर भी जलभराव हो गया है। पानी की वजह से स्कूल बसों समेत कई गाड़ियों के इंजन बंद हो गए, जिससे वे सड़कों पर फंस गईं। ‘स्मार्ट सिटी’ में सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है और बड़े पैमाने पर यातायात जाम हो गया है।
असम और मेघालय के ऊपर भारी बारिश का अलर्ट
नबीन नगर के निवासी रात को घर से निकलकर शहर के बीचोंबीच राजगढ़ के फुटपाथ पर आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से कोई सहायता नहीं पहुंची। बच्चों समेत सभी लोगों के पास पीने के लिए पानी तक नहीं है। गुवाहाटी में क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने सोमवार को असम और मेघालय के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था और मंगलवार से गुरुवार तक दोनों राज्यों के विभिन्न इलाकों में ‘भारी बारिश’ की चेतावनी दी थी।



