आरसीपी टैक्स का खुल गया राज, ललन सिंह ने माना- नीतीश राज में जेडीयू अध्यक्ष करते थे वसूली का धंधा
नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे आरसीपी सिंह ने बीजेपी ज्वाइन कर ली। उसके बाद उन्होंने नीतीश और महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने अपने बयान में यहां तक कहा कि नीतीश कुमार को उन्होंने कई बार समझाया। देश में विकास हो रहा है। देश में काम हो रहा है। आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार को यहां तक कह दिया कि वे पीएम यानी पलटी मार हैं। पलटी मार थे। पलटी मार रहेंगे। उसके 24 घंटे के भीतर राजधानी पटना में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने एक प्रेस कांफ्रेंस किया। ललन सिंह ने इस दौरान बीजेपी पर हमला बोला। केंद्र सरकार को कई मामलों में घेरा। उसके बाद आरसीपी के सवाल पर हत्थे से उखड़ गये। उन्होंने कहा कि पता लगा लीजिए आज कल उनको कोई पूछता है जी। आप लोग तो चैनल चलाते हैं। आप लोग मीडिया वाले हैं। जरा बिहार में पता कीजिए, आरसीपी सिंह को पूछता कौन है?
आरसीपी टैक्स क्या था?
ललन सिंह ने आरसीपी सिंह के सवाल पर साफ किया कि वे भ्रष्टाचार की बात करते हैं। वे खुद भ्रष्टाचार करते थे। नीतीश कुमार उन पर विश्वास करते थे। वे बीजेपी के एजेंट बन गये। अब ये बात साबित भी हो गई। वे बीजेपी की शरण में चले गये। आरसीपी सिंह पर ये आरोप कोई और नहीं जिसके साथ वे थे वहीं लोग लगा रहे हैं। यानी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे आरसीपी सिंह पर उसी पार्टी के अध्यक्ष ने ये आरोप लगाया है। ललन सिंह ने आरसीपी को लेकर क्या कहा। हम हू बहू उनकी कही गई बातों को पहले आपके सामने रखते हैं। बहुत चर्चा होती थी बिहार में। आरसीपी टैक्स, आरसीपी टैक्स के बारे में। अब तो उनको न बताना चाहिए क्या था आरसीपी टैक्स, जिसके लिए उनको शोहरत हासिल था। अब वो बतावें। उनको काहे का शोहरत मिला हुआ था? उसी का न शोहरत मिला हुआ था। उनको न बताना चाहिए कि आखिर क्या था आरसीपी टैक्स। वो वसूलते होंगे इसलिए उनको मालूम होगा।
ललन सिंह हुए हमलावर
ललन सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि आज बोल रहे हैं भ्रष्टाचार और वो तो कर रहे थे भ्रष्टाचार। नीतीश कुमार जी आंख मूंदकर विश्वास करते हैं किसी पर। उन पर भी आंख मूंदकर विश्वास किए हुए थे। अब उस विश्वास की आड़ में अगर भ्रष्टाचार कर रहे थे। ये देश की और राज्य की जनता जो आरसीपी टैक्स कह रही थी। इसको सही साबित आप अपने मुंह से कर रहे हैं। खुद ही कर रहे हैं। छोड़िए न वो चले गए हैं और जाने दीजिए उनको। उनको कौन पूछ रहा है अब तो पता चल रहा है न। सब जगह से जानकारी लीजिए कि कौन पूछ रहा है उनको। कोई नहीं पूछ रहा है। ललन सिंह ने आरसीपी के बारे में ये भी कहा कि वे पार्टी में रहते हुए नीतीश कुमार को कमजोर करने में लगे हुए थे। अब वे वहीं चले गये, जहां उनको जाना चाहिए था। वे बिहार में महाराष्ट्र की तरह खेल करने वाले थे। आरसीपी सिंह की दाल बिहार में नहीं गली।




