रांची विधानसभा सीट पर कांग्रेस का दावा, इंडिया ब्लॉक में हो सकती है सीटों की अदला-बदली

रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारी के सिलसिले में दिल्ली में एआईसीसी की बैठक में भाग लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश रांची लौट आए हैं। लौटते ही उन्होंने रांची विधानसभा सीट पर कांग्रेस का दावा ठोका है और इंडिया गठबंधन में सीटों की अदला-बदली को लेकर भी महत्वपूर्ण बयान दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली में आयोजित एआईसीसी की बैठक में बूथ स्तरीय कमेटियों को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इन कमेटियों में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया ब्लॉक में शामिल सभी दलों का उद्देश्य भाजपा को राज्य की सत्ता में वापसी से रोकना और राज्य में फिर से महागठबंधन की सरकार बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए, जहां भी किसी दल का उम्मीदवार मजबूत है, वहां उसी दल का प्रत्याशी हो सकता है, और जहां कांग्रेस का उम्मीदवार मजबूत है, वहां कांग्रेस का प्रत्याशी होगा।
रांची विधानसभा सीट पर कांग्रेस का दावा**
केशव महतो कमलेश ने कहा कि चुनाव में जीत प्राथमिक लक्ष्य है और महागठबंधन के सभी दलों में एकता बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जब चारों दलों के नेता सीट बंटवारे को लेकर एक टेबल पर बैठेंगे, तो congress -कांग्रेस रांची विधानसभा सीट पर अपना दावा पेश करेगी।
गौरतलब है कि 2019 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के तहत रांची विधानसभा सीट झामुमो के कोटे में गई थी, और महुआ माजी ने भाजपा के प्रमुख नेता सीपी सिंह को कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि, यह सीट भाजपा के पास चली गई थी। 2019 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के तहत झामुमो ने 43, कांग्रेस ने 31, और राजद ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा था। झामुमो ने 30 और कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि राजद को केवल 1 सीट मिली थी।



