सौरव गांगुली की बायोपिक बनेगी, निभाएंगे दादा का किरदार रणबीर कपूर; जल्द शुरू होगी शूटिंग

पिछले कुछ महीनों से भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) पर फिल्म बनाने की खबरें लगातार सुर्खियां बटोर रही थीं. अब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गांगुली की बायोपिक बनना तय हो गई है. बताया जा रहा है कि सौरव गांगुली ने अपनी बायोपिक की स्क्रिप्ट को मंजूरी दे दी है और अब जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है.फिल्म में सौरव गांगुली का किरदार रणबीर कपूर निभाने जा रहे हैं. उनके अलावा अन्य क्रिकेटर्स के किरदार कौन निभाएगा, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. बताया जा रहा है कि फिल्म में एमएस धोनी का किरदार भी नजर आएगा.
सौरव गांगुली भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं. भारतीय टीम को आक्रामक अंदाज देने का श्रेय उन्हें ही जाता है. उन्होंने हमेशा युवाओं को टीम में मौका दिया. वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ, हरभजन सिंह और इरफान पठान जैसे खिलाड़ी उन्हीं की खोज रहे हैं. उस दौर में गांगुली अपनी आक्रमकता के लिए पहचाने जाते थे.


