National

मध्यप्रदेश में नमाज हुआ विवाद: सागर यूनिवर्सिटी में छात्रा ने हिजाब पहनकर क्लासरूम में की इबादत

मध्यप्रदेश के सागर स्थित डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में नमाज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फाइनल ईयर की एक छात्रा का हिजाब पहनकर क्लासरूम में नमाज पढ़ने का वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है। इस मुद्दे की जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने 6 सदस्यीय समिति का गठन किया है, जो 3 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

दमोह की रहने वाली यह छात्रा एजुकेशन डिपार्टमेंट से B.Sc B.Ed कर रही है और इस साल उसके फाइनल ईयर की पढ़ाई चल रही है। वह अक्सर हिजाब में क्लास में आती है। शुक्रवार दोपहर को वह क्लासरूम के अंदर नमाज पढ़ रही थी, तभी किसी ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। शनिवार को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। उन्होंने विश्वविद्यालय के शंकर मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष कपिल स्वामी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में जानबूझकर नमाज पढ़ी गई है और अगर ऐसा ही चलता रहा तो हर क्लास के पहले हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सागर विश्वविद्यालय को JNU बनाने की साजिश चल रही है और इसमें कुछ प्रोफेसर भी शामिल हैं। यदि उनके खिलाफ सबूत मिले, तो उनके खिलाफ भी प्रदर्शन किया जाएगा।

डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और समिति बनाकर जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में ऐसी कोई भी गतिविधि नहीं की जानी चाहिए जिससे सौहार्द्र बिगड़े। निजी कार्य अपने घर पर करें, क्योंकि विश्वविद्यालय पढ़ाई के लिए है। इस संबंध में आदेश जारी किया गया है और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button