यूक्रेन पर हमले का 32वां दिन: बाइडेन का दावा- पुतिन जल्द सत्ता से हटेंगे; रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी

रूस-यूक्रेन जंग के बीच, पोलैंड दौरे पर पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पुतिन जल्द ही सत्ता से बेदखल हो जाएंगे। बाइडेन ने कहा कि रूस ने खुद युद्ध चुना है और यह युद्ध एक दिन या एक महीने में खत्म नहीं हो सकता। वहीं, उनके बयान पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि पुतिन कब तक सत्ता में रहेंगे, यह बाइडेन नहीं तय करेंगे। रूस की जनता ने पुतिन को राष्ट्रपति चुना है। उन्होंने कहा कि बाइडेन के इस बयान से रूस और अमेरिका के बीच संबंधों पर और गहरा असर पड़ेगा। उधर, व्हाइट हाउस ने सफाई दी कि बाइडेन का मतलब पुतिन को हटाने का आह्वान करना नहीं था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जंग के बीच रूसी सेनाओं ने अपने ही कर्नल यकोव रेजानस्टेव को मार दिया है। यकोव 49वीं संयुक्त शस्त्र सेना के कमांडर थे। रूस में अब तक 7 जनरल स्तर के अधिकारी मारे गए हैं।
रूस ने खार्किव शहर के होलोकास्ट मेमोरियल पर हमला किया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने बताया कि नाजी हमले में मारे गए 15,000 यहूदियों की याद में यह मेमोरियल बनाया गया था।
रूसी सैनिकों ने वोलिन शहर पर हमला किया है। यूक्रेनी सेना ने बताया कि 4 रॉकेट शहर पर दागे गए हैं। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद है।
ब्लैक सी से रूस ने 4 कलिब्र क्रूज मिसाइलें लॉन्च की, जिसने जिटोमिर क्षेत्र में एक मिलिट्री इक्विपमेंट डिपो को तबाह कर दिया।



