World

चीन के विदेश मंत्री हुए गायब, 22 दिनों से किन गैंग की नहीं कोई खबर, मंत्रालय को भी नहीं पता कहां गए

चीन के विदेश मंत्री किन गैंग (Qin Gang) पिछले तीन सप्ताह से गायब हैं। सार्वजनिक रूप से उन्हें पिछले तीन सप्ताह से नहीं देखा गया है। कई महत्वपूर्ण राजनयिक बैठकों से वह गायब हैं, जिसके बाद उनके ठिकाने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। किन पिछले हफ्ते जकार्ता में होने वाली एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशंस ट्रेडिंग ब्लॉक में शामिल नहीं हुए थे। चीनी विदेश मंत्रालय का कहना था कि वह स्वास्थ्य कारणों से इसमें शामिल नहीं हुए हैं।

किन को इसी महीने बीजिंग में यूरोप के शीर्ष राजनयिक जोसेप बोरेल से भी मिलना था, लेकिन उन्होंने बिना किसी स्पष्टीकरण के बैठक को स्थगित कर दिया। चीनी विदेश मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक गायब होने से पहले किन ने आखिरी बार 25 जून को श्रीलंका और रूस के अधिकारियों के साथ मीटिंग की थी। दिसंबर के अंत में पद संभालने के बाद से किन ने लगभग हर दूसरे दिन विदेशी समकक्षों के साथ बैठकें, कॉल की या फिर अन्य सार्वजनिक आदान-प्रदान किए।

विदेश मंत्रालय को भी नहीं खबर

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोमवार को कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है कि किन अपने काम पर कब वापस लौटेंगे। इसके साथ उन्होंने कहा कि चीन की कूटनीतिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं। लंबे समय से गायब रहने के कारण अब उन्हें लेकर कई तरह की अटकलें लग रही हैं। किन विदेश मंत्रालय के पूर्व प्रवक्ता रह चुके हैं। इसके बाद वह 2021 में अमेरिका में चीन के राजदूत बने। पिछले साल उन्हें अक्टूबर में कम्युनिस्ट पार्टी की सेंट्रल कमेटी में शामिल किया गया।

चीन में पहले भी गायब होते रहे हैं लोग

चीन में वरिष्ठ अधिकारियों, मशहूर हस्तियों और व्यवसायियों के गायब होने से जुड़ी खबरें समय-समय पर आती रहती हैं। बाद में यह बात सामने आती है कि वह किसी जांच या विवाद में फंसे हैं। हाल के वर्षों में अगर सबसे प्रमुख मामलों की बात करें तो इंटरपोल के पूर्व चीनी प्रमुख मेंग होंगवेई 2018 में चीन की यात्र के दौरान गायब हो गए थे। 2020 में उन्हें 20 लाख डॉलर की घूस लेने के मामले में 13.5 साल की सजा सुनाई गई। इसी साल फरवरी में इनवेस्टमेंट बैंकर बाओ फैन लापता हो गए थे। उनकी कंपनी चाइना रेसां ने कहा था कि वह उनसे संपर्क नहीं कर पा रही है।

सोशल मीडिया है गायब होने की वजह

किन कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के सदस्य हैं। लेकिन उनके गायब होने के बाद से कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के विदेशी मामलों के आयोग के प्रमुख वांग यी ज्यादा दिख रहे हैं। वांग ने पिछले हफ्ते जकार्ता में आसियान बैठक में चीन का प्रतिनिधित्व किया। यहां उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात भी की। किन के गायब होने के पीछे सोशल मीडिया पर उनकी पर्सनल लाइव को वजह माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button