कौन हैं जोफ्रा आर्चर जैसे खतरनाक गस एटकिंसन? जिसे इंग्लैंड ने किया वर्ल्ड कप टीम में शामिल
भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 तक जोफ्रा आर्चर फिट नहीं हो पा रहे हैं। यही वजह है कि इंग्लैंड टीम में एक ऐसे गेंदबाज की एंट्री हुई है, जिसने अभी तक इंटरनेशनल लेवल पर एक भी मैच नहीं खेला है। काउंटी सीजन और द हंड्रेड में अपनी खौफनाक गेंदबाजी से बल्लेबाजों के हौसले पस्त करने वाले इस खिलाड़ी का नाम गस एटकिंसन है। 6.2 फीट लंबे कद का यह गेंदबाज काफी हद तक जोफ्रा आर्चर की तरह गेंदबाजी करता है। आइए एटकिंसन के बारे में, जिन्हें इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड और विश्व कप के लिए अस्थाई टीम में चुना है…
गस एटकिंसन ने एलिस्टर कुक के विकेट के साथ अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट का आगाज किया। अगस्त 2020 में चेम्सफोर्ड में एक काउंटी चैम्पियनशिप मैच की दूसरी पारी में बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज को तेज गेंदबाज ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया था। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 4 मई, 2023 को एसेक्स के खिलाफ सरे के लिए खेलते हुए काउंटी चैम्पियनशिप के एक मुकाबले में कुक को 51 रन पर पवेलियन भेजा था। एटकिंसन का बेस्ट बॉलिंग 6-68 है।
द हंड्रेड 2023 में 95 मील प्रति घंटे की रफ्तार
गस एटकिंसन ने ने द हंड्रेड में अपनी रफ्तार का खूब प्रदर्शन किया। उन्होंने 95 मील प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी, जबकि इससे पहले टी20 ब्लास्ट में वह 90 मील प्रति घंटे की रफ्तार हासिल करने में कामयाब रहे थे। यानी वह 140 kmph की रफ्तार से आसानी से बॉल कर सकते हैं, जिसे खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा। ऐसा कम ही गेंदबाज करते दिखाई देते हैं। उनमें इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर भी शामिल हैं।
वनडे कॉल-अप से पहले सिर्फ दो लिस्ट-ए मैच
विश्व कप और जोफ्रा आर्चर की अस्थिर फिटनेस को ध्यान में रखते हुए गस एटकिंसन को टीम में बुलाया गया है। हालांकि, यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि उन्होंने घरेलू स्तर पर अब तक केवल 2 ही 50 ओवर के मैच खेले हैं। ये दोनों ही 2021 में खेले थे। लिस्ट-ए में 7.06 की इकॉनमी से पांच विकेट शामिल हैं। उनकी बेस्ट बॉलिंग 4-43 है, जो यॉर्कशायर के खिलाफ डेब्यू मैच में आया था।




