हरदा को दहलाने वाला फैक्ट्री मालिक राजू अग्रवाल कौन? जिसके धाक के आगे प्रशासन रहा ‘चुप’
अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट मामले में हरदा जिला प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। उसी लापरवाही की वजह से हरदा में इतना बड़ा हादसा हुआ है। इस अवैध फैक्ट्री का मालिक राजू अग्रवाल था, जिसका अवैध सम्राज्य ढाई एकड़ में फैला हुआ था। उस ढाई एकड़ जमीन के आसपास सैकड़ों लोग रहते थे। इसके बावजूद प्रशासन ने उन्हें फैक्ट्री चलाने की अनुमति दी थी। वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री का मालिक राजू अग्रवाल सजायाफ्ता है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दोनों फैक्ट्रियां बिना अनुमति के चल रही थी। इस फैक्ट्री में दो साल पहले भी एक हादसा हुआ था। उसमें भी तीन लोगों की मौत हुई थी। स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री को लेकर चार-पांच बार कलेक्टर से भी शिकायत की थी। लेकिन प्रशासन ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया। उसी का नतीजा है कि एक बार फिर से बड़ा हादसा हो गया है।
प्रशासन में है अच्छी पकड़
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि राजू अग्रवाल दबंग आदमी है। प्रशासन में उसकी अच्छी पकड़ है। उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती थी। अपने हिसाब से फैक्ट्री का संचालन करता था। आज बैरागढ़ के लोगों का सब कुछ तबाह हो गया है।



