मैं पूरी प्लानिंग से पाकिस्तान आई हूं, जल्द करूंगी वापसी…
भारत से पाकिस्तान गई अंजू प्रसाद को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। खबरों में कहा जा रहा है कि वह अपने प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने के लिए पाकिस्तान गई हैं तो वहीं खुद अंजू ने इन दावों को खारिज किया है। उनकी तुलना सीमा हैदर केस से की जा रही है जो हाल ही में पाकिस्तान से भारत आई हैं। हालांकि सीमा से उलट अंजू सभी वैध दस्तावेजों के साथ पाकिस्तान गई हैं। अब उनका एक वीडियो सामने आया है जिसे उन्होंने खुद रिकॉर्ड किया है। इसमें वह वाघा बॉर्डर से पाकिस्तान की सीमा में प्रवेश करती हुई नजर आ रही हैं। एक दूसरे वीडियो में वह बताती हैं कि वह बिल्कुल सेफ हैं और जल्द वापस आ जाएंगी।
पहले वीडियो में अंजू पाकिस्तान में प्रवेश करती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो रिकॉर्ड करते हुए वह कहती हैं, ‘ये है पाकिस्तान एंट्री बॉर्डर।’ वीडियो के आखिर में वह खुद को भी रिकॉर्ड करने की कोशिश करती हैं। एक दूसरे वीडियो में अंजू एक अंधेरे कमरे में बैठी नजर आ रही है। वह कहती हैं, ‘मैं सबको यह मैसेज देना चाहती हूं कि मैं यहां पर लीगल तरीके से आई हूं। मैं अपनी प्लानिंग से आई हूं… यह कोई दो दिन की बात नहीं है कि मैं अचानक आ गई। मैं यहां पर सेफ हूं और कोई दिक्कत नहीं है।’
‘मेरे परिवार को परेशान न किया जाए’
अंजू ने आगे कहा, ‘जैसे मैं आई थी, वैसे ही मैं वापस जाऊंगी। मैं दो-तीन दिन में वापस आ जाऊंगी। मेरा सबसे अनुरोध है कि मेरे रिश्तेदारों और बच्चों को परेशान न करें, प्लीज… उन्हें परेशान न करें, जो भी बात करनी है आप मुझसे करें। मुझसे संपर्क कीजिए, मैं लाइन पर हूं, हर टाइम।’ अंजू का कहना है कि वह पाकिस्तान सिर्फ घूमने आई हैं और उनका नसरुल्लाह से सगाई का कोई प्लान नहीं है। जबकि नसरुल्लाह का दावा है कि अगले कुछ दिनों में उनकी सगाई होने वाली है और दोनों का शादी का भी प्लान है।
पाकिस्तानी कर रहे अंजू का स्वागत
बीबीसी उर्दू की खबर के अनुसार अंजू के पहुंचने से नसरुल्लाह के घर के आसपास जश्न का माहौल है। स्थानीय लोग अंजू का स्वागत कर रहे हैं और महिलाएं उन्हें तोहफे दे रही हैं। एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि अंजू पख्तूनों की बहू हैं और हमारी मेहमान हैं। वह जब तक चाहें यहां रह सकती हैं और हम पूरी कोशिश करेंगे कि उन्हें कोई दिक्कत न हो। अंजू उत्तर प्रदेश की एक प्राइवेट कंपनी में काम करती हैं और 10 दिनों की छुट्टी लेकर पाकिस्तान गई हैं।



