NationalWeather

बंगाल और ओडिशा के समुद्री इलाकों में 125 KMPH की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, तेज बारिश भी होगी

साल का पहला चक्रवाती तूफान असानी मंगलवार को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटवर्तीय क्षेत्रों में अपना असर दिखाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल और ओडिशा के समुद्री इलाकों में 90 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कई जगहों पर बारिश भी होगी। तूफान का असर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी रहेगा। 11 से 13 मई तक यहां बारिश होगी, साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी।मौसम विज्ञान केंद्र भुवनेश्वर ने बताया कि चक्रवाती तूफान आसनी पिछले 6 घंटे के दौरान पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में 12 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा। यह फिलहाल पुरी के करीब 590 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम और गोपालपुर, ओडिशा से लगभग 510 किमी दक्षिण-पश्चिम में है।

24 घंटे में कमजोर पड़ेगा असानी
असानी चक्रवात 10 मई की रात तक उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ना जारी रखेगा। इसके बाद, यह उत्तर-पूर्व दिशा में ओडिशा तट से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी की ओर मुड़ेगा। अगले 24 घंटे में इसके कमजोर पड़ने की आशंका है।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल

  • इन राज्यों में हल्की से भारी बारिश: अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा नदी से लगे क्षेत्र, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण असम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
  • उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार के हिस्से, झारखंड, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय पर हल्की बारिश संभव है।
  • हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें: आंध्र प्रदेश, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी तट पर समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहेगी, समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं तथा तेज हवाएं जारी रहेगी।
  • राजस्थान, MP, हरियाणा और पंजाब में लू: राजस्थान, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश में लू की स्थिति संभव है। हरियाणा, दिल्ली और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में 10 मई से लू चल सकती है।

पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान का अलर्ट
वहीं, IMD कोलकाता ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा, कोलकाता, हुगली और पश्चिम मिदनापुर जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

ओडिशा के 4 पोर्ट डेंजर जोन घोषित
ओडिशा रिलीफ कमिश्नर पीके जेना ने बताया कि राज्य के 4 पोर्ट पारादीप, गोपालपुर, धमरा और पुरी को डेंजर जोन घोषित किया गया है। इन इलाकों में NDRF और ODARF की तैनाती की गई है। हमने समुंद्री इलाकों में सभी मछुआरों के लिए चेतावनी जारी कर दी है।

साल 2022 का पहला साइक्लोन
असानी इस साल का पहला चक्रवाती तूफान है। इससे पहले 2021 में 3 चक्रवाती तूफान आए थे। दिसंबर 2021 में साइक्लोन जावद आया था। वहीं, सितंबर 2021 में साइक्लोन गुलाब ने दस्तक दी थी, जबकि मई 2021 में साइक्लोन यास ने बंगाल, बिहार समेत कई राज्यों में कहर बरपाया था।

भविष्य के साइक्लोन के नाम अभी से तय
चक्रवात आसनी श्रीलंका द्वारा दिया गया एक नाम है जिसका अर्थ सिंहली में ‘क्रोध’ होता है। आसनी के बाद बनने वाले चक्रवात को सितारंग कहा जाएगा, जो थाईलैंड द्वारा दिया गया नाम है। भविष्य में जिन नामों का इस्तेमाल किया जाएगा उनमें भारत के घुरनी, प्रोबाहो, झार और मुरासु, बिपरजॉय (बांग्लादेश), आसिफ (सऊदी अरब), दीक्सम (यमन) और तूफान (ईरान) और शक्ति (श्रीलंका) शामिल हैं।

Source-Dainik Bhaskar

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button