‘आया राम-गया राम’… पहली ही बॉल पर आउट हुए विराट कोहली, अपने घर में खाता तक नहीं खोल पाए
विराट कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते हैं, ऐसे में चिन्नास्वामी स्टेडियम उनका ‘दूसरा घर’ माना जाता है। अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी-20 में जब विराट कोहली अपने इसी घरेलू मैदान पर उतरे तो पूरा स्टेडियम उनके नाम से गूंज रहा था। मगर चंद मिनटों बाद ही फैंस के चेहरी की खुशी उस वक्त मायूसी में तब्दील हो गई जब उनका फेवरेट क्रिकेटर अपनी पहली ही बॉल पर बिना खाता खोले चलते बने। विराट कोहली हार्ड लेंथ गेंद और उसकी उछाल से पूरी तरह से चकमा खा गए। ऑफ स्टम्प लाइन पर आई बॉल को लेग साइड पर पुल लगाने के चक्कर में विराट कोहली अतिरिक्त उछाल से चकमा खाए और बल्ले के उपरी भाग को लगकर मिड ऑफ के दाएं ओर हवा में गई गेंद को वहां मुस्तैद कप्तान इब्राहिम जादरान ने आसानी से लपक लिया। विराट के आउट होते ही पूरे मैदान में सन्नाटा सा छा गया।
लगातार दो गेंद में दो विकेट
वैसे तो बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को सिक्स हिटिंग ग्राउंड कहा जाता है, लेकिन टॉस जीतकर जब भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी तो शुरुआत बेहद खराब रही। दो ओवर के बाद स्कोर सिर्फ 13 रन था। ऐसे में रन गति बढ़ाने के लिए तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल (4) ने बड़ा शॉट लगाना चाहा। पेसर फरीद अहमद की गुड लेंथ बॉल को पुल करने के चक्कर में यशस्वी पूरी तरह चूक गए। फील्डर मोहम्मद नबी ने अपने बाएं ओर उल्टा भागकर गेंद पर नजर रखी और एक शानदार कैच पकड़ने में कामयाब हो गए| 18 रन पर भारत को पहला झटका लगने के ठीक अगली ही गेंद बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए। दो गेंदों पर दो विकेट लेकर फरीद ने मुकाबले को अपनी टीम की तरफ झुका दिया। इसके बाद चौथे ओवर में इन फॉर्म शिवम दुबे आउठ हुए तो पांचवें ओवर में फरीद अहमद ने संजू सैमसन को भी गोल्डन डक कर दिया।
बड़ा रिकॉर्ड बनाने से चूके विराट
मौजूदा सीरीज के दूसरे मैच में विराट कोहली ने 14 महीने बाद टी-20 इंटरनेशनल में वापसी की थी। 2022 टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से वह भारतीय टीम के लिए इस फॉर्मेट का एक भी मैच नहीं खेले थे। अपने कमबैक मुकाबले में कोहली बढ़िया शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए और 16 गेंदों में पांच चौके की मदद से 29 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। अगर इस मैच में वह छह रन और बना लेते तो टी-20 क्रिकेट में 12 हजार रन का आंकड़ा छूने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज होते। फिलहाल वह टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं, उनसे आगे वेस्टइंडीज के खतरनाक ओपनर क्रिस गेल (14562), पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक (12993) और कैरेबियाई ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड (12430) हैं।



