महुआ मोइत्रा फायरब्रांड नेता, अपनी लड़ाई खुद लड़ने में सक्षम, TMC सांसद के समर्थन में आए ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने ‘पैसे लेकर सवाल पूछने’ के मामले में फंसीं अपनी सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) का गुरुवार को पुरजोर समर्थन किया। तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) ने दावा किया कि जो भी सरकार से सवाल करता है। उसे केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार की ओर से परेशान किया जाता है। बनर्जी ने कृष्णानगर की सांसद को ‘राजनीति का शिकार’ बताया। उन्होंने कहा कि महुआ मोइत्रा फायरब्रांड नेता हैं। वह अपनी लड़ाई खुद लड़ने में सक्षम हैं।
महुआ अपनी लड़ाई खुद लड़ने में सक्षम

बीजेपी पर तृणमूल नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मुझे लगता है कि यह केंद्र सरकार का कदम है और मैंने एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट के बारे में पढ़ा है। उन्होंने कहा है कि उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए। अगर आपके पास महुआ मोइत्रा के खिलाफ कुछ भी नहीं है। यह जांच का विषय है कि निष्कासन की सिफारिश क्यों की गई है? मुझे लगता है कि महुआ अपनी लड़ाई खुद लड़ने में सक्षम है। वे(केंद्र) मुझे भी चार साल से प्रताड़ित कर रहे हैं।
अभिषेक बनर्जी ने उठाए सवाल
दरअसल अभिषेक बनर्जी बंगाल में कथित स्कूल नौकरी घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने यह सवाल भी किया कि मोइत्रा के खिलाफ आरोप साबित होने से पहले ही संसद की एक समिति उनके खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कैसे कर सकती है।
अडानी मुद्दे पर सवाल पूछने पर परेशान किया जा रहा

बनर्जी ने सवाल किया कि जो कोई भी अडाणी मुद्दे पर सरकार से सवाल पूछ रहा है, उसे परेशान किया जा रहा है। लोकसभा की आचार समिति महुआ मोइत्रा के खिलाफ आरोप साबित होने से पहले ही उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कैसे कर सकती है?



