बिहार में NDA की गजब की ‘सीट इंजीनियरिंग’! नीतीश के लिए BJP का ‘बाहर वाला प्लान’ जानें
बिहार में हाल के सियासी उठा-पटक के बाद अब दलों-गठबंधनों का ध्यान लोकसभा चुनाव पर आ गया है। बिहार में दो प्रमुख गठबंधन- इंडी अलायंस और एनडीए हैं। इनमें शामिल सभी दलों ने सीटों की दावेदारी अपने-अपने गठबंधन के आला नेताओं के सामने पेश कर दी है। बिहार में पहली बार एनडीए की कमान भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने अपने हाथ में रखी है। हर बार नीतीश कुमार को बड़े भाई की भूमिका में होने का दावा करने वाला जेडीयू बैकफुट पर है। वह अब पूरी तरह भाजपा की मर्जी पर केंद्रित है।
सीट बंटवारे का ये रहा है पुराना रिकॉर्ड
बिहार में लोकसभा चुनाव का रिकॉर्ड दशक भर से उल्लेखनीय रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब 2014 का पहला लोकसभा चुनाव लड़ा गया तो एनडीए खेमे में तीन दल- लोजपा, आरएलएसपी और भाजपा एक साथ थे। दूसरी ओर बाकी दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। भाजपा ने 30 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे और उसे 22 सीटों पर कामयाबी मिली थी। एलजेपी ने सात सीटों पर लड़ कर छह सीटें जीत ली थीं। उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली तत्कालीन आरएलएसपी ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा और तीनों ही जीत ली थी। सबसे बुरी हालत एनडीए विरोधी दलों की हुई, जिन्होंने अलग-अलग जोरआजमाइश की थी। जेडीयू ने 38 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे, लेकिन जीत सिर्फ दो सीटों पर ही मिली। कांग्रेस ने 12 पर भाग्य आजमाया तो कामयाबी दो पर ही मिली। आरजेडी ने 27 सीटों पर लड़ कर महज चार पर कामयाबी हासिल की। एनसीपी का इकलौता उम्मीदवार मैदान में था और वह जीत गया।
2019 में बदल गया सियासी समीकरण
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार का सियासी समीकरण बदल गया। जेडीयू भी बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल हो गया। हालांकि अधिक सीटों की मांग पर उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी ने अलग राह पकड़ ली। एनडीए में बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी ही बच गए। नीतीश को बिहार में बड़ा भाई का दबाव बना कर जेडीयू ने बीजेपी के बराबर सीटें ले लीं। दोनों 17-17 सीटों पर चुनाव लड़े। भाजपा ने अपनी सभी सीटें जीत लीं, जबकि जेडीयू को 16 पर जीत मिली। एलजेपी ने अपने हिस्से की छह सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसने अपनी सभी सीटें निकाल लीं। महागठबंधन में आरजेडी का खाता ही नहीं खुला, जबकि कांग्रेस किसी तरह एक सीट जीतने में कामयाब हो गई। आरजेडी ने तब 20 और कांग्रेस ने नौ सीटों पर चुनाव लड़ा था। बाकी सीटें उसने अपने सहयोगियों के लिए छोड़ दी थी। एनडीए ने 39 सीटें जीत कर महागठबंधन की पार्टियों का सफाया कर दिया था।



