World

शरद पवार का भतीजे अजित के आरोपों पर पलटवार, कहा- BJP से हाथ नहीं मिलाने का हमारा रुख हमेशा साफ

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) ने पुणे में समर्थक विधायकों और सांसदों की बैठक की। इस मौके पर महाराष्‍ट्र में बेमौसम बारिश से हुए नुकसान और किसानों की मदद, लोकसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा की गई। इस दौरान शरद पवार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ हाथ नहीं मिलाने का उनकी पार्टी का रुख हमेशा साफ रहा है। यदि इसके विपरीत कोई सुझाव आया भी, तो उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया। पवार का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनके भतीजे और बागी एनसीपी नेता अजित पवार (Ajit Pawar) ने एक दिन पहले उनपर निशाना साधा था।

शरद पवार ने कहा क‍ि यदि किसी ने सुझाव दिया कि हमें अपने रुख के विपरीत बीजेपी का समर्थन करना चाहिए, (तब भी) मेरे सहित पार्टी में कई लोग उस (सुझाव) से सहमत नहीं थे। बीजेपी के साथ नहीं जाने का हमारा रुख बहुत साफ रहा है। अजित पवार पर तंज कसते हुए एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि यदि सुबह-सुबह पद की शपथ लेने वाला कोई व्यक्ति यह दावा कर रहा है कि यह पार्टी की नीति है, तो उस व्यक्ति को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए।

​’लोकतंत्र में कोई भी कहीं से चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र’

अजित पवार की इस घोषणा पर कि उनका गुट बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेगा। जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में सुप्रिया सुले कर रही हैं। शरद पवार ने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति कहीं से भी चुनाव लड़ने के लिए स्वतंत्र है।

​अजित पवार गुट का दावा क्‍या?​

दरअसल इस साल जुलाई में महाराष्ट्र में बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की सरकार में शामिल हुए अजित पवार गुट ने पहले भी दावा किया है कि शरद पवार भी एक समय भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन करने के पक्ष में थे। वर्ष 2019 में अजित पवार ने सुबह-सुबह उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। साथ ही देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि बहुमत के अभाव में फडणवीस-अजित पवार सरकार चार दिनों के भीतर ही गिर गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button