हाय, जान निकल गई… चार गोलियां लगीं और दर्द में भी चलती रही महिला, साकेत कोर्ट में आज ये क्या हुआ
आह, जान निकल गई… चिल्लाते हुए आज सुबह वह महिला कोर्ट में भागी जा रही थी। कुछ लोगों ने कपड़े से उसके पेट को बांध रखा था। किसी ने लाल कपड़े वाली इस महिला के पेट में चार गोलियां मारी थीं। ताज्जुब की बात है कि हमलावर दिल्ली के साकेत कोर्ट में हथियार लेकर पहुंच गया और पकड़ा नहीं गया। जबकि कोर्ट में मेटल डिटेक्टर लगे होने के दावे किए जाते थे। जिसने भी यह खबर पढ़ी हैरान रह गया। कोर्ट परिसर भी सुरक्षित नहीं है। फौरन पुलिस की गाड़ी से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहले बॉलीवुड की पुरानी फिल्मों में ऐसा सीन दिखाया जाता था कि गवाह अदालत जाने के लिए घर से निकलता है और कोर्ट की सीढ़ियां नहीं चढ़ पाता। रास्ते में ही उसे गोली मार दी जाती है। आज दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में वैसा ही कांड हो गया सुबह कोर्ट में वकीलों की आवाजाही तेज थी तभी गोली चलने से हड़कंप मच गया। यह महिला कोर्ट में गवाही देने पहुंची थी लेकिन गवाही देने से पहले ही कोर्ट परिसर में उनके पेट में गोली मारी गई। महिला पर चार राउंड फायरिंग की गई है। टीवी रिपोर्ट में बताया गया है कि फायरिंग करने वाला हमलावर वकील की ड्रेस में था। लाल रंग के कपड़े पहनी पीड़ित महिला की तस्वीर भी सामने आई है। दो लोग उसके पेट को कपड़े से दबाए ले जा रहे थे।टीवी रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। हत्या या हत्या के प्रयास के मामले में शायद महिला अपनी गवाही देने पहुंची थी। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में दर्ज एक मामले में बतौर गवाह अपनी गवाही देने के लिए साकेट कोर्ट आई थीं। एम्स में महिला का इलाज चल रहा है। आरोपी को हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।टाइम्स नाउ नवभारत की रिपोर्ट के मुताबिक महिला के पति ने ही गोली चलाई है। ऐसे में पारिवारिक विवाद का शक जताया जा रहा है। आज सुबह कोर्ट में कार्रवाई शुरू होने वाली थी जब वकील के कपड़े पहने एक शख्स ने वकीलों के चैंबर के पास अपनी ही पत्नी पर फायरिंग कर दी। कोर्ट परिसर में जहां न्याय के लिए लोग जाते हैं, वहां हथियार लेकर किसी शख्स के पहुंचने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले भी कोर्ट परिसर में गोलीकांड की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। तब कोर्ट की सुरक्षा मजबूत किए जाने की मांग उठी थी।




