
गिरिडीह: झारखंड कांग्रेस में घमासान, प्रदेश प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह ने दो नेताओं को पद से हटाने की मांग की
गिरिडीह: झारखंड विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के सामने कांग्रेसियों ने हंगामा किया, जो पार्टी के अंदर चल रहे मतभेदों को उजागर करता है।
प्रदेश प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह ने जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह और कार्यकारी जिलाध्यक्ष सतीश केडिया के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। उपेंद्र सिंह का कहना है कि यदि दोनों नेता पद पर बने रहे, तो जिले की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की हार निश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं का जनाधार भी बहुत कमजोर है।
जमुआ के प्रखंड अध्यक्ष महशर इमाम ने भी शुक्रवार को पार्टी कार्यक्रम के दौरान इन नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सतीश केडिया पार्टी के काम में रुचि नहीं लेते और अक्सर झामुमो के विधायक के पास ही रहते हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वह निरंतर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो के नेताओं से मुलाकात करना जरूरी है, क्योंकि वे भी इंडिया गठबंधन के जनप्रतिनिधि हैं। सतीश ने यह भी कहा कि विवाद करने वाले लोग खुद ही काम में ढिलाई बरतते हैं।
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी में किसी भी तरह का विवाद नहीं है और सब कुछ ठीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह अनुशासित है।



