तमिलनाडु के इरोड ईस्ट और यूपी के मिल्कीपुर में उपचुनाव जारी, वोटिंग प्रतिशत उत्साहजनक.
हैदराबाद: दिल्ली विधानसभा चुनाव के साथ ही तमिलनाडु के इरोड ईस्ट और उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज (5 फरवरी) को मतदान हो रहा है।
दोपहर 1 बजे तक इरोड ईस्ट में 42.41% और मिल्कीपुर में 44.59% मतदान दर्ज किया गया।
मिल्कीपुर में उपचुनाव सपा नेता अवधेश प्रसाद द्वारा सीट खाली करने के कारण हुआ है। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट से जीत हासिल की थी। इरोड ईस्ट उपचुनाव कांग्रेस विधायक ई.वी.के.एस. एलंगोवन के निधन के कारण हो रहा है।
इरोड ईस्ट उपचुनाव में व्यापक इंतजाम
इरोड ईस्ट के 53 स्थानों पर कुल 237 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर शौचालय, पेयजल, प्रतीक्षालय और दिव्यांगजनों के लिए रैंप की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वोटिंग प्रक्रिया की निगरानी के लिए 24 जोनल अधिकारियों को नियुक्त किया गया है, जिनके पास जीपीएस युक्त वाहन हैं।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। वहीं, पुलिस ने होटलों, विवाह भवनों और सामुदायिक केंद्रों की तलाशी ली है ताकि बाहरी लोगों की अवैध मौजूदगी रोकी जा सके।
सुबह 6 बजे मॉक पोलिंग के बाद 7 बजे से मतदान शुरू हुआ जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी और उसी दिन नतीजे घोषित होंगे।
मुख्य मुकाबला डीएमके और एनटीके के बीच
इरोड ईस्ट उपचुनाव में मुकाबला डीएमके और नाम तमिलर काची (एनटीके) के बीच हो रहा है। डीएमके ने वी.सी. चंद्रिराकुमार को मैदान में उतारा है। एनटीके की ओर से महिलाओं की विंग की नेता एम.के. सीतलक्ष्मी चुनाव लड़ रही हैं।
इस उपचुनाव में कुल 2,27,576 मतदाता हैं, जिनमें 1,10,128 पुरुष, 1,17,381 महिलाएं और 37 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।


