झारखंड में शिक्षकों को दो माह से वेतन रुकी, एक हफ्ते का अल्टीमेटम हेमंत सोरेन सरकार को

प्रमाणपत्रों के सत्यापन नहीं होने के कारण दो माह से मानदेय नहीं मिलने को लेकर सहायक अध्यापकों (पारा शिक्षक) में रोष है। सहायक अध्यापकों के विभिन्न संघों ने रविवार को रांची में अलग-अलग बैठक की, जिसमें जुलाई और अगस्त माह का मानेदय नहीं मिलने पर नाराजगी प्रकट की गई। कहा गया कि जिला शिक्षा पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण प्रमाणपत्रों का सत्यापन नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा सहायक अध्यापक भुगत रहे हैं।
संघों की बैठक में मानदेय व अन्य मांगों को लेकर अलग-अलग दिन धुर्वा स्थित राज्य परियोजना कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन का का निर्णय लेते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। एकीकृत सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक मोरहाबादी मैदान में हुई जिसमें तय हुआ कि सहायक अध्यापकों के मानदेय का भुगतान एक सप्ताह के भीतर नहीं होने पर 21 सितंबर को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद कार्यालय के समक्ष आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।


