पति ने देख लिया था पत्नी का सेक्स चैट… दिल्ली में डबल मर्डर की ‘कातिल बहू’ का राज खुल गया
राजधानी दिल्ली में डबल मर्डर केस में ‘कातिल बहू’ के कारनामे खुलकर सामने आ गए हैं। 29 साल की मोनिका वर्मा को पुलिस ने अपने बॉयफ्रेंड आशीष (29) के साथ मिलकर सास-ससुर की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में जो खुलासा हुआ है, वह चौंकाने वाला है। बहू का अफेयर परवान नहीं चढ़ पा रहा था क्योंकि उसके पति और सास-ससुर को सब कुछ पता चल गया था। इसके बाद उस पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई थीं। घरवालों ने मोनिका का सेक्स चैट पढ़ लिया था और इसके बाद उसका स्मार्टफोन ले लिया। लेकिन ये दोनों प्रेमी पंछी अपने रिश्ते से पीछे नहीं हटे। इसके बाद परिवार में दिल्ली के गोकलपुरी वाले घर को बेचने की चर्चा होने लगी। यहां बेचकर द्वारका शिफ्ट होने की तैयारी थी। इससे नाराज मोनिका ने अपने लवर के साथ मिलकर सास-ससुर को मौत के घाट उतारने की साजिश रची। उसने इसे लूटपाट की तरह दिखाने की कोशिश की थी लेकिन उसका राज बहुत जल्दी सबके सामने आ गया।




