टमाटर ने बनाया करोड़पति… फिर क्यों चाहते हैं एमएसपी, किसानों की यह पुकार सुनो सरकार
बीते कुछ महीनों से देश में टमाटर की बढ़ी कीमतों ने बाजार में आग लगा रखी है। एक ओर जहां बढ़े रेट के चलते आम आदमी की थाली से टमाटर गायब हो गया तो वहीं कई इसके चलते करोड़पति भी बन गए। इन्हीं में से एक ईश्वर गायकर भी हैं, जिनकी पुणे से करीब 30 किमी दूर नारायणगांव के टमाटर बाजार में टिन शेड के बीच में बड़ी सी दुकान है। बेशक अपनी मेहनत और लगन के चलते गायकर एक करोड़पति किसान हैं, बावजूद इसके उनका मानना है कि टमाटर किसानों के लिए एमएसपी बेहद जरूरी है। किसान गायकर की ही तरह कई और लोगों ने भी इस तर्क को सही ठहराया है।
मंडी में हर किसी की नजर गायकर पर
मंडी के बीच करीब-करीब हर किसी की नज़र उस आदमी पर है, जिसके हाथों में 500 और 200 रुपये के नोटों की गड्डियां दिखती हैं।
एक टोकरे में टमाटरों को सही से रखने का काम करने किरण ने हमारे सहयोगी टीओआई को बताया कि, ‘वह एक करोड़पति किसान है।’ दरअसल जुन्नर तहसील के पचघर गांव के रहने वाले गायकर टमाटर उत्पादकों, व्यापारियों और बाजार में श्रमिकों के बीच एक सेलिब्रिटी हैं।



