मांझी के बाद अब VIP चीफ मुकेश सहनी भी गेम सेट करने की तैयारी में, 23 जून की विपक्षी बैठक से पहले बिहार में बड़े खेल के आसार
पटना में 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक के पहले प्रदेश में सत्तारूढ़ महागठबंधन में सुगबुगाहट तेज हो गई है। HAM सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने अपने विधायकों के साथ बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर उन पर विश्वास जताया। वहीं कहा जा रहा है कि अगले माह विकासशील इंसान पार्टी किस गठबंधन के साथ जाएगी, इसकी घोषणा कर देगी। कुछ दिन पहले ही मांझी ने महागठबंधन से लोकसभा चुनाव में पांच सीटों की मांग कर दी थी, जो महागठबंधन के लिए झटका माना जा रहा था। इस बीच, मांझी बुधवार को अपने सभी विधायकों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंच कर इसके संकेत दे दिए कि वे नीतीश कुमार के साथ बने रहेंगे।वैसे, मांझी अपनी ही सरकार के विरोध में कई बार बयान दे चुके हैं। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद बाहर निकले मांझी ने इस मुलाकात को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि हमलोग नीतीश कुमार के साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमलोग एक साथ बैठकर सीट बंटवारे को लेकर सभी बातें तय कर लेंगे। वैसे, मांझी की पहचान बयान बदलने वाले नेता के रूप में रही है। ऐसे में अभी भी ये तय नहीं है कि वो नीतीश के साथ टिके ही रहेंगे।
मुकेश सहनी भी पत्ते खोलने की तैयारी में
इधर, एनडीए और महागठबंधन से समान दूरी बनाकर लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे विकासशील इंसान पार्टी ने 25 जुलाई को पटना में अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है।वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने भी संभावना जताते हुए कहा कि उस दिन पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी किस गठबंधन के साथ जाएंगे, इसकी घोषणा कर सकते हैं।




