World

ओडिशा रेल हादसे के बाद ट्रेन टिकट कैंसल कराने लगे हैं लोग? IRCTC ने कांग्रेस को दावों को बताया झूठा

आईआरसीटीसी ने ओडिशा हादसे के बाद बड़ी तादादा में यात्रियों के ट्रेन टिकट कैंसल कराने से जुड़े कांग्रेस के दावों को खारिज किया है। मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता भक्त चरणदास ने आरोप लगाया था कि ओडिशा रेल हादसे के बाद हजारों लोगों ने अपने टिकट कैंसिल कर दिए हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि ट्रेन में सफर सुरक्षित नहीं है। इस पर आईआरसीटीसी ने ट्वीट कर बताया है कि ये टिकट कैंसलेशन का दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है। हकीकत ये है कि कैंसलेशन घटा है।

इससे पहले कांग्रेस नेता भक्त चरणदास ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि ओडिशा ट्रेन हादसे के बाद हजारों की तादाद में लोग अपना रिजर्व्ड ट्रेन टिकट कैंसल करा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘बीते दिनों में ऐसी रेल दुर्घटना कभी नहीं हुई, बड़ी तादाद में लोगों की मौत हुई है। सरकार आधिकारिक तौर पर 275 लोगों की मौत की बात कह रही है लेकिन अभी भी सैंकड़ों लोग लापता हैं। लोग अपनों को ढूंढ रहे हैं, वो मिल नहीं रहे हैं। उनके शव कहां रखे गए हैं, हैं भी या नहीं या जमीन के नीचे धंसा हुआ है, इस पर सरकार कुछ कह नहीं रही है। हजार से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं…हजारों लोग अपना ट्रेन टिकट कैंसल किए हैं इस दुर्घटना के बाद कि ट्रेन में जर्नी सेफ नहीं है।

उनके बयान को कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया था। उसी को रीट्वीट करते हुए आईआरसीटीसी ने जवाब दिया, ‘ये तथ्यात्मक रूप से गलत है। कैंसलेशन बढ़ा नहीं है। इसके उलट, कैंसलेशन घटा है। 1 जून को 7.7 लाख टिकट कैंसल हुए थे जबकि 3 जून को 7.5 लाख।’

ओडिशा के बालासोर में बीते हफ्ते हुए भीषण ट्रेन हादसे में अबतक 278 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। 1175 लोग घायल हुए हैं। अभी भी तकरीब 100 शवों की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में दो यात्री गाड़ियां और एक मालगाड़ी शामिल थी। हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता लगाने के लिए सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। सोमवार को सीबीआई हादसे की जगह पर पहुंचकर अपनी जांच भी शुरू कर चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button