World

बिहार में कैबिनेट विस्तार की चर्चा, आरजेडी-कांग्रेस को मिलेगी दावेदारी, जानिए अपडेट

बिहार में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल विस्तार (Nitish Kumar Cabinet Expansion) को लेकर बहुत दिनों से चर्चा हो रही है। हालांकि, दो दिनों से अचानक ही इसकी सुगबुगाहट तेज है। एक दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) की मुलाकात को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। कहा जा रहा है कि इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार में आरजेडी और कांग्रेस के कोटे से मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसी चर्चा है कि आरजेडी और कांग्रेस दोनों ही दलों से दो-दो मंत्री बनाए जा सकते हैं।

कांग्रेस-आरजेडी से बनेंगे दो-दो मंत्री

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के कोटे से मंत्री बनाए गए संतोष कुमार सुमन का पिछले दिनों इस्तीफा हुआ था। इसी के बाद उनकी जगह जेडीयू से रत्नेश सदा को मंत्री बनाया गया। इस कारण उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस और आरजेडी कोटे से इस बार मंत्री बनाए जाएंगे। पटना में 23 जून को हुई विपक्षी दलों की बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने नीतीश कुमार से आग्रह करते हुए कहा था कि कांग्रेस पार्टी से 2 मंत्री बनाए जाएं।

आरजेडी में इन्हें मिल सकता है मौका

ऐसे में अब कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार कैबिनेट में कांग्रेस और राजद से 2-2 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इससे पहले महागठबंधन की सरकार बनने के बाद आरजेडी कोटे से मंत्री बनाए गए सुधाकर सिंह और कार्तिकेय सिंह अलग-अलग वजहों से इस्तीफा दे चुके हैं। इसलिए माना जा रहा कि आरजेडी फिर से सवर्ण यानी राजपूत और भूमिहार चेहरे को मंत्रिमंडल में जगह दे सकती है।

कांग्रेस भी करती रही है दावेदारी

इधर, कांग्रेस को अगर दो कोटा मिलता है तो माना जा रहा है कि एक सवर्ण और एक पिछड़ी जाति के चेहरे को मौका मिल सकता है। हाल ही में कांग्रेस ने अजीत शर्मा को विधायक दल के नेता पद से हटाकर शकील अहमद खान को विधायक दल का नेता बनाया है। इस बदलाव को भी मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा। प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या फिलहाल 30 है। संभावना जताई जा रही कि एक सप्ताह में मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button