
धर्मनगरी मथुरा में गुरुवार रात एक विवाह समारोह में भयंकर वारदात घटित हो गई। वरमाला के बाद अपने कमरे में बैठी दुल्हन को एक युवक ने गोली मार दी और फरार हो गया। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है और दुल्हन की मृत्यु से घर में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई, लेकिन हत्यारे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
नौहझील थाना क्षेत्र की घटना
यह घटना नौहझील थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर की है, जहां खूबीराम की पुत्री काजल की शादी हो रही थी। काजल की बारात गौतमबुद्ध नगर के थाना रबूपुरा के गांव कलूपुर से आई थी। वरमाला का कार्यक्रम समाप्त हो चुका था और दुल्हन फेरों के इंतजार में अपने कमरे में बैठी हुई थी। तभी अचानक एक युवक कमरे में घुसा और रात करीब 2 बजे उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई और आरोपी भाग निकला।
दुल्हन के कमरे में घुसकर मारी गोली
रात करीब 2 बजे, जब बाराती खाना खा चुके थे और पंडाल में जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, दुल्हन काजल अपनी सहेलियों के साथ घर में थी। उसी समय एक युवक आया और काजल को तमंचे से गोली मार दी। दुल्हन की मौत के बाद बारात रात को ही वापस लौट गई।
घटना के बाद दहशत में परिजन
एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और परिजनों से पूछताछ की गई थी। परिजन इतने घबराए हुए थे कि उन्होंने हत्यारे युवक का नाम नहीं बताया। पुलिस अभी भी उनसे पूछताछ कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


