लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई हिंसक हो गई। कार्रवाई करने पहुंचे अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत पर हमला किया गया। बालू माफियाओं ने लाठी-डंडे और बेलचा से हमला किया। हमले में सीओ की सरकारी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि अधिकारी बाल-बाल बच गए।
सीओ को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध डंपिंग यार्ड से बालू उठाव हो रहा है। सूचना की जांच के लिए वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
करीब दस अज्ञात महिला-पुरुषों ने टीम पर हमला कर दिया। ईंट-पत्थर से वाहन के शीशे तोड़े गए। आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।


