चीन अपने दावे से पलटा: पहले कहा- पृथ्वी से बाहर जीवन के संकेत मिले, रिपोर्ट वायरल होते ही डिलीट कर दी

चीन ने हाल ही में दावा किया था कि पृथ्वी से बाहर जीवन की संभावना है। स्काई आई टेलिस्कोप ने कुछ ऐसे सिग्नल पकड़े हैं, जो पहले कभी धरती पर नहीं मिले। इस बात का खुलासा सबसे पहले चीन के सरकारी अखबार साइंस एंड टेक्नोलॉजी डेली ने किया। हालांकि, कुछ देर बाद ही इस खोज से जुड़ी रिपोर्ट और सोशल मीडिया पोस्ट्स डिलीट कर दिए गए।
चीन कर रहा सिग्नल की जांच
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के सबसे बड़े टेलिस्कोप स्काई आई ने नैरो-बैंड इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिग्नल को पकड़ा है। फिलहाल इन सिग्नल की जांच की जा रही है। चीनी अखबार ने रिसर्च के चीफ साइंटिस्ट झांग टोंजी के हवाले से बताया कि नए मिले सिग्नल पहले के सिग्नल से काफी अलग हैं। हालांकि, टोंजी ने यह भी कहा कि यह सिग्नल रेडियो इंटरफेरेंस भी हो सकता है।
रिपोर्ट डिलीट करने की वजह स्पष्ट नहीं
साइंस एंड टेक्नोलॉजी डेली ने इस खबर को अपनी वेबसाइट से क्यों हटाया, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। यह चीन के साइंस एंड टेक्नोलॉजी मिनिस्ट्री का आधिकारिक समाचार पत्र है। हालांकि, रिपोर्ट डिलीट होने से पहले ही कई मीडिया आउटलेट्स ने इस खबर को पब्लिश कर दिया था। साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर भी यह रिपोर्ट वायरल हो गई थी।
पहले भी मिले अजीब सिग्नल
रिपोर्ट में टोंजी के बयान के अनुसार, 2020 और 2022 में भी संदिग्ध सिग्नल डिटेक्ट किए गए थे। स्काई आई टेलिस्कोप सितंबर 2020 में लॉन्च हुआ था। यह चीन के दक्षिण पश्चिमी प्रांत गुइझोउ में स्थित है। इसका डायमीटर 500 मीटर है और यह लो फ्रीक्वेंसी रेडियो सिग्नल के लिए बेहद संवेदनशील है। टोंजी का कहना है कि यह टेलिस्कोप एलियंस को ढूंढने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
एलियन ढूंढना चीन का नया मिशन
एलियंस को ढूंढने के लिए चीन ने क्लोजबाय हैबिटेबल एक्सोप्लानेट सर्वे (CHES) नामक मिशन लॉन्च किया है। इस मिशन के तहत सूर्य जैसे 100 तारों को टारगेट कर उनके वातावरण में जीवन की संभावना खोजी जाएगी। इसके अलावा, चीन 2026 में पृथ्वी 2.0 मिशन लॉन्च करेगा, जिसका उद्देश्य धरती के समान दूसरा ग्रह ढूंढना है।



