National

कांगो में संयुक्त राष्ट्र विरोधी प्रदर्शनों में बीएसएफ के दो जवान हो गए सहीद शहीद, 15 लोगों की हुई मौत

मध्य अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में संयुक्त राष्ट्र विरोधी प्रदर्शनों में करीब 15 लोगों की हो गई है मौत। इन विरोध-प्रदर्शनों में हिंसक झड़प के दौरान संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन के तहत तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दो जवान भी शहीद हो गए हैं। ये दोनों जवान राजस्थान के रहने वाले थे और हेडकांस्टेबल के पद पर तैनात थे। इनकी पहचान हेडकांस्टेबल शिशुपाल सिंह और हेडकांस्टेबल सांवला राम बिश्नोई के रूप में हुई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दोनों सैनिकों की शहादत पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। दोनों सैनिक कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा थे।

बुटेम्बो में हिंसक विरोध के दौरान घायल हुए जवानों की मौत

अंतरराष्ट्रीय मीडिया के अनुसार, कांगो के पूर्वी शहर गोमा में संयुक्त राष्ट्र मिशन के खिलाफ प्रदर्शन के दूसरे दिन कम से कम पांच लोग मारे गए और लगभग 50 अन्य घायल हो गए। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि 26 जुलाई को कांगो के बुटेम्बो में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दल में शामिल बीएसएफ के दो जवानों ने हिंसक सशस्त्र विरोध के दौरान घायल होने के बाद दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने कहा कि 70 से 74 बीएसएफ जवानों की दो पलटनें इलाके में तैनात थीं।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने व्यक्त किया शोक

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट किया कि कांगो में बीएसएफ के दो बहादुर भारतीय शांति सैनिकों की शहादत पर गहरा दुख हुआ। वे संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा थे। इन आक्रोशपूर्ण हमलों के अपराधियों को न्याय के कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र ने की जवानों की हत्या की निंदा

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के खिलाफ हिंसा बढ़ती जा रही है। दुर्भाग्य से एक शांति सैनिक और दो संयुक्त राष्ट्र पुलिस के जवान मारे गए और एक अन्य घायल हो गया। उन्होंने मारे गए जवानों के परिवारों और सहयोगियों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की।



पूर्वी कांगो में संयुक्त राष्ट्र मिशन के खिलाफ दो दिनों से चल रहे प्रदर्शनों में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने पुष्टि की कि नॉर्थ कीवु प्रांत के बुटेम्बो में संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा बल के साथ काम कर रहे एक शांति रक्षक और दो अंतरराष्ट्रीय पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है तथा एक अन्य घायल हो गया है। हिंसक हमलावरों ने कांगो के पुलिसकर्मियों से हथियार छीने और संयुक्त राष्ट्र कर्मियों पर गोलियां चला दीं।


संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फरहान हक ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षकों समेत असैन्य नागरिकों के मारे जाने की खबरों की जांच की जाएगी। मंगलवार को सैकड़ों हमलावरों ने गोमा और नॉर्थ कीवु के अन्य हिस्सों में संयुक्त राष्ट्र बल के अड्डों पर फिर से हमला किया। उन्होंने कहा कि भीड़ पथराव कर रही है, पेट्रोल बम फेंक रही है, संयुक्त राष्ट्र बल के अड्डों में घुस रही है, लूटपाट, तोड़फोड़ और आगजनी कर रही है। हम त्वरित प्रतिक्रिया बलों को भेजकर स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हिंसा के खत्म होने का कोई संकेत नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button