ईरान से गोवा पहुंची पहली चार्टर्ड फ्लाइट, 140 पर्यटक आए साथ.
गोवा के पर्यटन क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल हुई है।
बुधवार शाम 6:30 बजे ईरान की पहली चार्टर्ड फ्लाइट गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट (दक्षिण गोवा) पर उतरी। इस फ्लाइट में कुल 140 ईरानी पर्यटक आए हैं।
यह फ्लाइट ईरान की क़ेश्म एयर (Qeshm Air) द्वारा संचालित की गई थी। गोवा पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस आगमन से गोवा के प्रति अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की बढ़ती रुचि का संकेत मिलता है।
पर्यटन विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि यह गोवा को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।
ईरान से पर्यटकों के आगमन को लेकर पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें हर सुविधा प्रदान की।
पर्यटन विभाग का कहना है कि गोवा को सिर्फ बीच डेस्टिनेशन के रूप में ही नहीं, बल्कि एक साल भर घूमने योग्य विविध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्वादिष्ट व्यंजनों वाले स्थल के रूप में भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
गोवा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि दुनियाभर के पर्यटक यहां की अनोखी खूबसूरती और संस्कृति का अनुभव कर सकें।


