नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टीम इंडिया ने इंग्लैंड का दो साल पहले किया था बुरा हाल, दोनों टेस्ट में बुरी तरह दी थी मात

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 का आखिरी और निर्णायक मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. चार मैचों की इस टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 2-1 से आगे है. ऑस्ट्रेलिया की कोशिश जहां अहमदाबाद टेस्ट जीतकर सीरीज लेवल करने पर होगी, वहीं भारतीय टीम का प्रयास इस मुकाबले को जीतकर सीरीज जीतने के साथ-साथ फाइनल में अपनी जगह पक्की करने पर होगा.
भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में आखिरी दोनों मुकाबले दो साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ खेले थे. फरवरी-मार्च 2021 में खेले गए इन मुकाबलों में भारतीय टीम ने इंग्लिश टीम को एकतरफा शिकस्त दी थी. 24 फरवरी को शुरू हुए टेस्ट में भारतीय टीम 10 विकेट से जीती थी, वहीं 4 मार्च को शुरू हुए टेस्ट में टीम इंडिया को पारी और 25 रन से जीत मिली थी.



