वालिद-चाचा को मारने में अखिलेश का भी हाथ, सपा को वोट न दें मुसलमान… अतीक के बेटे अली की चिट्ठी वायरल!

नैनी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली के नाम की एक चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल है। चिट्ठी में पिता-चाचा और भाई की मौत के लिए भाजपा और सपा को जिम्मेदार बताया गया है। हालांकि, चिट्ठी टाइप की हुई है। माना जा रहा है कि किसी और ने अली के नाम से चिट्ठी लिखी है।
हाइलाइट्स
- अतीक अहमद के बेटे अली के नाम से चिट्ठी हो रही है वायरल
- चिट्ठी में अखिलेश को भी अतीक मर्डर के लिए ठहराया जिम्मेदार
- चिट्ठी में दावा, शाइस्ता को एनकाउंटर के लिए खोज रही पुलिस
प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव (UP Nagar Nikay Chunav 2023) में अतीक अहमद और अशरफ हत्याकांड (Atiq Ahmed Ashraf Murder) का मुद्दा उछलने लगा है। प्रयागराज में एक चिट्ठी अतीक अहमद के बेटे अली के नाम से वायरल हो रही है। इसमें मुसलमानों को एकजुट होने का आह्वान किया गया है। साथ ही बीजेपी और समाजवादी पार्टी को भी निकाय चुनाव में वोट न देने की अपील की गई है। चिट्ठी में अतीक अहमद और अशरफ की मौत का जिम्मेदार योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के साथ-साथ अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को भी ठहराया गया है।
अली अहमद (Ali Ahmed Letter) के नाम से वायरल हो रहे इस पंफलेट में भावुक अपील करते हुए कहा गया है कि अगर आप लोगों (मुस्लिम वोटर्स) के दिल में मेरे अब्बा के लिए थोड़ी भी जगह है तो उनकी बात का ध्यान रखिए। इस पोस्टर में दावा किया गया है कि पुलिस एनकाउंटर के लिए शाइस्ता के पीछे लगी है।



