World

‘धैर्य रखिए! बहुत अच्छी होगी 12 जून विपक्षी एकता की बैठक’ तेजस्वी यादव बोले- BJP वाले चिंता न करें

विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए 12 जून को राजधानी पटना में सर्वदलीय बैठक होने जा रही है। इस बैठक में विपक्षी दलों के तमाम बड़े नेताओं का जुटान होने वाला है। तेजस्वी यादव भी इस बैठक और विपक्षी एकता की मजबूती को लेकर काफी सकारात्मक नजर आ रहे हैं। उन्होंने भी विभिन्न राज्यों में जाकर बीजेपी विरोधी दलों के प्रमुखों से मुलाकात की थी, उन्हें निमंत्रण दिया था। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुहिम में पूरे देश की विपक्षी पार्टियों से शामिल होने की अपील भी की थी। लेकिन अब कांग्रेस ने इस बैठक में आने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस की तरफ से अपना प्रतिनिधि भेजने की बात हो रही है। इसपर बीजेपी सवाल खड़े कर रही है।

राहुल गांधी, खरगे के ना आने पर B JP उठा रही एकता पर सवाल

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़के से दिल्ली में तीन बार मुलाकात की। 12 जून को तारीख तय कर कांग्रेस को शामिल होने का निमंत्रण भी भेजा गया। अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 12 जून की बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से उनकी जगह प्रतिनिधि भेजा जाएगा। सूचना के बाद बिहार की राजनीति में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।बीजेपी का कहना है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता का ढोल पीट रहे थे, जो अब फट चुका है। वहीं, बीजेपी ने यह भी कहा कि विपक्षी एकता किसी भी तरह से संभव नहीं है।

एवरीथिंग इज पॉजिटिव, चिंता ना करें : तेजस्वी

इधर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा ‘एवरीथिंग इज पॉजिटिव।’ उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी एकता की बैठक बहुत अच्छी होगी। लेकिन समय आने पर सब को पता चल जाएगा। उनके बयानों को लेकर अब अलग संकेत मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि विपक्षी एकता को लेकर होने वाली सर्वदलीय बैठक में तेजस्वी यादव कुछ ऐसा करेंगे, जो चौंकाने वाला हो सकता है। तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी चिंता ना करें। आने वाले समय में उन्हें सब कुछ बता दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button