गे रिलेशन बनाने से मना करने पर दोस्त ने की गोली मारकर हत्या, LGBT पार्टी में हुई थी मुलाकात
आंबेडकर नगर में रहने वाले योगेंद्र कुमार (बदला हुआ नाम) को समलैंगिक संबंध (गे रिलेशन) बनाने से मना करने पर उसके दोस्त ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मामले को उलझाने के लिए पांच दिनों तक योगेंद्र के परिवारवालों को फोन कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगता रहा। तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा, जिसकी पहचान न्यू अशोक नगर निवासी शशांक सिंह (27) के तौर पर हुई है। हत्या में इस्तेमाल कार और पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने अपने बयान में यह कहा है कि अभी तक यह साफ नहीं है कि कौन किससे सेक्सुअल फेवर मांग रहा था।
साउथ दिल्ली की डीसीपी चंदन चौधरी ने बताया कि 9 जुलाई को योगेंद्र नौकरी की तलाश में घर से निकला था। लेकिन, जब रात को भी नहीं लौटा तो अगले दिन 10 जुलाई को परिजनों ने आंबेडकर नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसी बीच 14 जुलाई को परिजनों के पास 20 लाख की फिरौती का फोन आया। बातचीत कर फिरौती की रकम 15 लाख में तय भी हो गई। आरोपी ने 16 जुलाई को फिर फोन कर कहा कि रुपये भेजो। इस बार परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी।
आंबेडकर नगर के अलावा जीके, सीआर पार्क और एएटीएस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। टीम को पता चला कि योगेंद्र 9 जुलाई की रात द्वारका सेक्टर-16 के प्लाजा मॉल गया था। वहां ऑनलाइन भुगतान करके पिज्जा खरीदा था। वहां पर एक गाड़ी नजर आई, जिसमें से दो शख्स उतरे थे। एक काले कपड़े पहने हुए था और दूसरा योगेंद्र था। फोटो देखकर परिवारवालों ने दूसरे शख्स की पहचान शशांक के रूप में की। पुलिस लीड के सहारे 1 अगस्त को अशोक नगर इलाके में उस गाड़ी तक पहुंच गई। गाड़ी के पास एक स्कूटी भी मिली। इसके बाद पुलिस ने शशांक को दबोच लिया।




