जब अर्से बाद राजा भइया और अखिलेश यादव का हुआ आमना-सामना, क्या दिल मिले या सिर्फ हाथ?
2024 लोकसभा चुनाव को अब कुछ महीने ही बाकी रह गए हैं। इसकी तैयारियों में जुटे राजनीतिक दलों के नेता इस समय लगन होने के चलते खूब शादी-ब्याह भी निपटा रहे हैं। वहीं इन्हीं शादियों में कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आ रही हैं, जो राजनीति के नजरिये से बेहद अहम और खूब सुर्खियां भी बंटोर रही है। इसके साथ ही इन तस्वीरों के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर इस वक्त तेजी से वायरल हो रही है।
तस्वीर में दावत खाने पहुंचे दो विरोधी नेता (अखिलेश यादव और राजा भइया) आपस में हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। साल 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव ने कुंडा से विधायक राजा भइया को पहचानने से इनकार कर दिया था। वहीं राजा और अखिलेश की इस मुलाकात पर लोग चुटकी भी ले रहे हैं। एक शख्स ने लिखा- ‘दो दिल मिल रहे है, मगर चुपके चुपके।’

अखिलेश-राजा की हाथ मिलाए फ़ोटो तेजी से वायरल
दरअसल 15 दिसंबर को लखनऊ के ताज होटल में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता अरविंद सिंह गोप के भतीजे की रिसेप्शन पार्टी थी। उसी कार्यक्रम में सपा मुखिया व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव परिवार के साथ शिरकत करने पहुंचे थे। सपा नेता के इस कार्यक्रम में कई अन्य दलों के नेता भी पहुंचे थे।



