‘राहु काल, पप्पू, मूर्खों के सरदार… तब भाषा की मर्यादा कहां गई थी?’ पनौती पर बीजेपी-कांग्रेस में ठन गई
पीएम मोदी से जुड़ी पनौती वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘पनौती’ कहे जाने पर भाजपा भड़की हुई है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने का आरोप लगाया। बीजेपी ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है। प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘पनौती’ संबंधी टिप्पणी के खिलाफ भाजपा ने निर्वाचन आयोग से भी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी जब राहुल गांधी के संबंध में राहु काल, पप्पू और मूर्खों का सरदार कहती है तब इनके लिए भाषा की मर्यादा कहां चली जाती है। कांग्रेस ने मंगलवार को कहा था कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर ‘पनौती’ वाली जो टिप्पणी की है, वही बात भारतीय टीम की हार के बाद बहुत सारे लोग सोच रहे थे। मैच में भारतीय टीम की हार के बाद से सोशल मीडिया पर ‘पनौती’ शब्द ट्रेंड कर रहा था।
पीएम को गाली दे रहे राहुल’
पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हार की हताशा में राहुल गांधी इतने परेशान हो गए हैं कि अब प्रधानमंत्री मोदी को गाली दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ऐसे शब्दों का प्रयोग पहले उनके समर्थक करें और फिर राहुल गांधी स्वयं भी अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ऐसे शब्द का प्रयोग करते हैं, यह निंदनीय है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इस शब्द को पीड़ादायक बताते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की।



