रांची का मौसम बदला, दोपहर में छाया अंधेरा, कई स्थानों पर तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि

झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है. रांची में गुरुवार को दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला. आसमान में घने बादल छाने के कारण दोपहर में ही अंधेरा छा गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य भर के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. बारिश के कारण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली, लेकिन ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है.
मौसम विज्ञान अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और सब हिमालयन टर्फ के कारण मौसम में बदलाव आया है. उन्होंने बताया कि आगामी 19 मार्च तक राज्यभर के विभिन्न स्थानों में बारिश की संभावना हैं. उन्होंने बताया कि 16 मार्च को दक्षिण पूर्व के क्षेत्रों को छोड़कर राज्यभर में विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना हैं. उन्होंने बताया कि 17 मार्च को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से में बारिश की संभावना है. जबकि 18 और 19 मई को भी विभिन्न स्थानों पर बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है.
