हरियाणा नूंह के तनाव का असर अलवर तक पहुंचा, भिवाड़ी में कुछ युवकों ने की दुकानों में तोड़फोड़
हरियाणा के नूंह में ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हुए पथराव और आगजनी की घटना के बाद इसका असर राजस्थान के सीमावर्ती जिले भिवाड़ी में देखने को मिला रहा है। हरियाणा बॉर्डर से सटे हुए राजस्थान के भिवाड़ी में इसके चलते मंगलवार को तनाव का असर देखने को मिला है। आज भिवाड़ी में 20-25 से अधिक युवाओं ने जय श्रीराम के नारे लगाते हुए कुछ समाज विशेष की दुकानों में तोड़फोड़ कर माहौल को खराब करने की कोशिश की। घटना के बाद फिलहाल भिवाड़ी में पुलिस अलर्ट हो गई है और स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। पुलिस ने शहर में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। दुकानों में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों का एक वीडियो भी सामने आए है, जिसमें लाठी-डंडे लेकर युवाओं की टोली घूमती हुई और पुलिस की गाड़ी के सायरन को सुनकर भागते हुए दिखाई दे रही है।
जानिए क्या हुआ अलवर के भिवाड़ी में
सोमवार को मेवात इलाके नूह में बजरंग दल और विशेष समुदाय के लोगों के बीच झड़प का मामला उजागर हुआ था, जो अब भिवाड़ी तक पहुंच गया है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अलवर बाईपास पर स्थित समा चिकन सोप और अल्ताफ चिकन शॉप पर कुछ लोगों की ओर से जमकर तोड़फोड़ की गई। इसमें तोड़फोड़ होती देख दुकान में बैठे लड़के तो मौके से भाग गए लेकिन तोड़फोड़ करने वाले युवकों ने दुकान में रखा सारा सामान इधर-उधर फैला दिया। दुकान के सामने लगे टीन शेड भी तोड़कर नीचे गिरा दिए। एक वीडियो भी युवकों का तोड़फोड़ कर और भागते हुए वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस को देख जेनेसिस शॉपिंग मॉल में घुसे युवक
सूचना लगते ही भिवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। इतने में ही उत्पात मचा रहे युवक दौड़कर पास में ही स्थित जेनेसिस शॉपिंग मॉल में घुस गए। पुलिस ने तुरंत ही जेनेसिस मॉल को चारों तरफ से घेर लिया है। फिलहाल आधा दर्जन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मौके पर जिला एसपी विकास शर्मा सहित अधिकारी पहुंचे है। जेनेसिस मॉल में पुलिस का सर्च अभियान जारी है। भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने कहा है कि कुछ लोगों ने दुकानों में तोड़फोड़ की है। भिवाड़ी में माहौल को खराब करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है, जल्दी उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




