कौन हैं जेनसन हुआंग, जिनके दर पर खड़े हैं बड़े-बड़े देश और कंपनियां
एआई चिप (AI Chip) बनाने वाली अमेरिकी कंपनी Nvidia Corp आजकल सुर्खियों में है। इसकी वजह यह है कि इस कंपनी ने एक के बाद एक कई उपलब्धियां हासिल की हैं। गुरुवार को कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। कंपनी की तिमाही सेल पहली बार इंटेल के पार पहुंच गई है। साथ ही यह एक ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप हासिल करने वाली दुनिया की पहली चिप कंपनी है। इसकी स्थापना ताइवान में पैदा हुए जेनसन हुआंग ने 1993 में की थी। एक नजर उनके सफर पर…
तीन गुना रिटर्न

दुनिया में एआई का चलन तेजी से बढ़ रहा है और इसके साथ ही सेमीकंडक्टर चिप की डिमांड भी बढ़ रही है। यही वजह है कि एनवीडिया कॉर्प के शेयरों में लगातार तेजी आ रही है। कंपनी ने अक्टूबर तिमाही में अपनी सेल 16 अरब डॉलर रहने का अनुमान जताया है। इससे गुरुवार को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। तीन जनवरी को कंपनी के शेयर की कीमत 143 डॉलर थी जो गुरुवार को कारोबार के दौरान 502 डॉलर पहुंच गई। पहली बार कंपनी की तिमाही बिक्री इंटेल से ऊपर पहुंच गई है।
ऐपल-मेटा से आगे

एनवीडिया के शेयरों में इस साल सबसे ज्यादा 235 परसेंट तेजी आई है। फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म में 132 फीसदी, ऐमजॉन में 54 फीसदी, ऐपल में 42 फीसदी और माइक्रोसॉफ्ट में 34 फीसदी तेजी आई है। एनवीडिया फिलहाल 1.164 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैप के साथ दुनिया की छठी और अमेरिका की पांचवीं वैल्यूएबल कंपनी है। इसका मार्केट कैप वॉरेन बफे की बर्कशायर हैथवे, मार्क जकरबर्ग की मेटा, एलन मस्क की टेस्ला से भी ज्यादा है।



